यूपी लेखपाल संघ का चुनाव परिणाम घोषित:पतंजलि दुबे जिलाध्यक्ष पद पर जीते, विमलेश मोहन बने नए जिलामंत्री

यूपी लेखपाल संघ का चुनाव परिणाम घोषित:पतंजलि दुबे जिलाध्यक्ष पद पर जीते, विमलेश मोहन बने नए जिलामंत्री

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई के चुनाव में रविवार को तहसील सभागार में दिनभर चली चुनावी गहमागहमी के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए। जिलाध्यक्ष पद पर पतंजलि दुबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी योगेश शाक्य को छह मतों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। वहीं जिलामंत्री पद पर विमलेश मोहन ने 30 मतों के बड़े अंतर से विजय हासिल की। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। निर्वाचन अधिकारी एवं खंड मंत्री कानपुर मंडल विकास सचान, सह निर्वाचन अधिकारी एवं जिला उपमंत्री इटावा राहुल गोयल तथा पर्यवेक्षक एवं संगठन मंत्री मध्य जोन सुजीत कुमार की देखरेख में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 164 मत पड़े। मतगणना में पतंजलि दुबे को 80 मत प्राप्त हुए, जबकि योगेश शाक्य को 74 और अवनींद्र यादव को सात मत मिले। तीन मत निरस्त घोषित किए गए। कांटे के मुकाबले में पतंजलि दुबे ने छह मतों के अंतर से जीत हासिल कर जिलाध्यक्ष पद अपने नाम किया। जिलामंत्री पद के चुनाव में भी कुल 164 मत पड़े। विमलेश मोहन को 95 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विनय कुमार को 65 मत प्राप्त हुए। चार मत निरस्त हुए। विमलेश मोहन ने 30 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर जिलामंत्री पद पर कब्जा जमाया। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने उनका स्वागत किया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष पतंजलि दुबे और जिलामंत्री विमलेश मोहन ने साथी लेखपालों का आभार जताते हुए संगठन की एकजुटता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने लेखपालों से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने का भरोसा दिलाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *