यूपी में 35.41 लाख अभ्यर्थी देंगे PET:60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए, खाने-पीने की कीमत अधिक ली, तो होगी कार्रवाई

यूपी में 35.41 लाख अभ्यर्थी देंगे PET:60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए, खाने-पीने की कीमत अधिक ली, तो होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 में 35.41 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को प्रदेश के 60 जिलों में कराई जाएगी। इसके लिए 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा में कोई लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की जाए। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए गए। खाने-पीने की चीजों पर ज्यादा पैसे वसूले तो कार्रवाई मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों के आसपास, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और टेंपो स्टैंड पर सफाई के लिए विशेष टीमें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को खाने-पीने की चीजें निर्धारित दरों पर ही मिलनी चाहिए। किसी से भी ज्यादा पैसे न वसूले जाएं। परीक्षा की तैयारियों के लिए आयोग की रेलवे और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में कमांड कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से कैमरों के जरिए सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने पुलिस को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। परीक्षा सामग्री और गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएं। 6 पालियों में होगी परीक्षा, हर पाली में करीब 5.90 लाख अभ्यर्थी बैठक में अधिकारियों ने बताया कि PET-2026 कुल 6 पालियों में आयोजित होगी। इसमें 35,41,297 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। हर पाली में करीब 5.90 लाख अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आगरा, अलीगढ़, झांसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और प्रयागराज समेत 9 जिलों में हर पाली में 15 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इन जिलों में परिवहन, भीड़ नियंत्रण और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी सुरक्षा के निर्देश योगी ने जिलाधिकारियों और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएं। ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जाए। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, प्रमुख मार्गों, होटलों, धर्मशालाओं और रैन बसेरों पर अभ्यर्थियों की सुविधा का ध्यान रखने को कहा गया है। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की तारीखों पर सभी केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *