दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुख्यात आदतन बदमाश और महादेव सट्टा एप मामले में संलिप्त दीपक नेपाली का भाई नीरज कुमार सिंह (28) शामिल है। इसके अलावा शुभम यादव (33) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों कैंप-1 क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्टील की तलवारें और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक 23 अक्टूबर को थाना वैशाली नगर को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति धारदार तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों को डराने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से तलवारें और मोबाइल फोन मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस ने जब्त किया तलवार
इस कार्रवाई में पकड़ा गया नीरज कुमार सिंह कैंप-1 के 18 नंबर रोड पर मौर्या निवास के पीछे, प्रेमनगर का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से म्यान सहित एक स्टील की तलवार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तलवार की कीमत करीब 4,500 रुपए बताई गई है। वहीं, जब्त किए गए दोनों मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए है। दूसरा आरोपी शुभम यादव (33) संगम चौक, कैंप-1 का निवासी है। उसके पास से एक स्टील की तलवार और एक सैमसंग मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने तलवार की कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई है। दोनों आरोपियों से जब्त तलवारों की कुल कीमत 9,500 रुपए है। अलग-अलग मामले दर्ज, न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई
वैशाली नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। शुभम यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/2026 और नीरज कुमार सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया गया है। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 23 अक्टूबर को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की। अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही पुलिस
पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में अपराधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है।

