युवक को गले में बिजली तारों की माला पहनाकर घुमाया:यमुनानगर में ट्यूबवेल तार चोरी करते पकड़ा, खेत-बाजार में ग्रामीणों ने कराई परेड़

युवक को गले में बिजली तारों की माला पहनाकर घुमाया:यमुनानगर में ट्यूबवेल तार चोरी करते पकड़ा, खेत-बाजार में ग्रामीणों ने कराई परेड़

यमुनानगर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के खिजरी गांव में ट्यूबवेल की तार चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर उसके गले में काटी गई तारों का हार डाल दिया। इसके बाद उसे खेतों से लेकर गांव की सड़कों और बाजार में घुमाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए इस प्रकार की चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें ग्रामीण युवक को गले में तारों का हार पहनाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में कुछ ग्रामीण युवक को पुलिस के हवाले करने से पहले उसकी पिटाई करने की बात कहते भी सुनाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक को खेतों में ट्यूबवेल की तार काटते हुए पकड़ा गया था। उनका कहना है कि गांव में पहले भी खेतों से ट्यूबवेल की तार चोरी होने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने युवक पर नशे का आदी होने और चोरी की वारदातों में शामिल रहने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में गाली-गलौज और पिटाई की बात करते दिखे ग्रामीण सोशल मीडिया पर वायरल 1 मिनट 42 सेकेंड के पहले वीडियो में कुछ ग्रामीण युवक को खेतों से पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान युवक के साथ गाली-गलौज भी की जा रही है। वीडियो में कुछ लोग उसे पुलिस थाने ले जाने से पहले पीटने की बात कहते सुनाई देते हैं। इसी दौरान एक ग्रामीण युवक को बाजार में ले जाने के लिए कहता है। युवक अपने भाई को बुलाने की बात कहता सुनाई देता है। वीडियो में ग्रामीण उसे चप्पलों की माला पहनाने की बात करते भी नजर आते हैं। दूसरे वीडियो में ग्रामीण युवक को गले में तारों का हार पहनाकर बाजार में घुमाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण बोले- तार चोरी होने से किसानों को नुकसान ग्रामीण जसबीर के अनुसार, गांव के खेतों से कई बार ट्यूबवेल की तार चोरी हो चुकी हैं। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों का दावा है कि इसी वजह से उन्होंने युवक को पकड़कर उसके खिलाफ यह कदम उठाया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो की जांच की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *