यमुनानगर में NH-344 पर मंडौली कट के पास सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क के बीच में बिना रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत और इंडिकेटर जलाए खड़े कंटेनर में पीछे से एक कैंटर जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर चालक उसमें बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को कैंटर से बाहर निकालकर ट्रामा सेंटर यमुनानगर पहुंचाया गया। मृतक की पहचान प्रीतम पुत्र दीप सिंह निवासी गांव पत्थरवा जिला सहारनपुर, यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अकालगढ़ के पास मंडौली कट की घटना पुलिस को दिए बयान में गांव अकालगढ़ के पूर्व सरपंच मोहन उर्फ सोनू ने बताया कि वह गांव सैर करने के लिए NH-344 की तरफ गया था। जब वह गांव दुसानी कट से मंडौली कट की तरफ इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो उसने देखा कि एक यूके नंबर कंटेनर सड़क के बीच में खड़ा था। आरोप है कि कंटेनर चालक ने न तो वाहन पर रिफ्लेक्टर लगाए थे और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया था। इसके अलावा वाहन के इंडिकेटर भी नहीं जल रहे थे। मोहन के अनुसार इसी दौरान औरंगाबाद की तरफ से एक यूपी नंबर कैंटर आया और कंटेनर में पीछे से जा टकराया। कैंटर के अंदरही फंस गया ड्राइवर टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कैंटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास से गुजर रहे लोग भी वहां एकत्र हो गए। पुलिस और राहगीरों की मदद से कैंटर में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक चालक की पहचान प्रीतम पुत्र दीप सिंह निवासी गांव पत्थरवा, थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वहीं पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक की पहचान सोनू पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी नीधौली कलां, जिला एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज किया यमुनानगर सदर थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि पुलिस चौकी कलानौर को हादसे की सूचना मिलने के बाद एएसआई अनुप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की मदद से सड़क के एक तरफ हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। इसके बाद ट्रामा सेंटर से मृतक चालक प्रीतम का रुक्का ब्रॉड डेड प्राप्त हुआ। मामले की जांच जारी है और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है तथा पुलिस द्वारा आगामी कानूनी एवं पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई की जा रही है।

