गुरुग्राम में डिलीवरी-बॉय के सीने में घुसा सेफ्टी ग्रिल पाइप:तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराई बाइक, आधा घंटे तक लटका रहा

गुरुग्राम में डिलीवरी-बॉय के सीने में घुसा सेफ्टी ग्रिल पाइप:तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराई बाइक, आधा घंटे तक लटका रहा

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर सिग्नेचर टावर के पास अलसुबह तीन बजे एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी पार्टनर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद युवक इतनी तेज गति से एक्सप्रेसवे की कंक्रीट सुरक्षा दीवार से टकराया कि उसका सीना दीवार पर लगे खुले लोहे के पाइप में जा घुसा। पाइप शरीर को करीब चार से पांच फीट तक चीरता हुआ निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी 37 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम और दिल्ली में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करता था। अजय सोमवार तड़के करीब 2:45 से 3 बजे के बीच इफ्को चौक से राजीव चौक की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सिग्नेचर टावर के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस को पाइप में फंसा मिला शव हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो अजय का शव पाइप में फंसा हुआ था, जबकि उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। उस समय हादसे का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है और घटनास्थल के पास भी कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। पुलिस आसपास और एक्सप्रेसवे के अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अजय को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। जोमेटो और स्विगी में फूड डिलीवरी पार्टनर
अजय जोमेटो और स्विगी में डिलीवरी पार्टनर के रूप में काम करता था और गुरुग्राम में भावना अस्पताल के सामने रहता था। रात को डिनर डिलीवरी स्लॉट का काम खत्म करके रूम पर लौट रहा था। वह घर में कमाने वाला अकेला था और कई साल पहले उसके पिता की मौत हो चुकी है। वह अविवाहित था। खतरनाक बन गए हैं सेफ्टी दीवार पर लगे पाइप पुलिस के अनुसार एक्सप्रेसवे की कंक्रीट सुरक्षा दीवार पर करीब तीन इंच चौड़े खोखले लोहे के पाइप मेटल प्लेट की मदद से लगाए गए हैं। एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में ये पाइप और मेटल प्लेट चोरी हो चुके हैं या लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण निकल गए हैं। कई जगह पाइप टूटने के बाद खुले हुए हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। देर शाम हो हुई पहचान सोमवार देर शाम को मृतक की पहचान हो पाई। जिसके बाद उसकी मां गुरुग्राम पहुंची। अजय की मां की शिकायत पर सेक्टर-29 स्थित डीएलएफ थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *