यमुनानगर में सगे भाई को बंधक बनाकर पीटा:मुंह में कपड़ा ठूंसकर भतीजों ने डंडे मारे, रास्ते को लेकर विवाद

यमुनानगर में सगे भाई को बंधक बनाकर पीटा:मुंह में कपड़ा ठूंसकर भतीजों ने डंडे मारे, रास्ते को लेकर विवाद

यमुनानगर के छप्पर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर में पारिवारिक विवाद में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव फतेहपुर निवासी अमर सिंह ने अपने ही सगे भाइयों व परिवार के अन्य लोगों पर रास्ता रोककर उसे घर के अंदर ले जाने, बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों में उसके भाई मामचंद और सुरजीत, भतीजे जसपाल, शशिमोहन, जसवंत, जगमोहन व राजमोहन सहित महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। थाना छप्पर पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारे डंडे शिकायतकर्ता अमर सिंह निवासी गांव फतेहपुर ने बताया कि सुबह करीब 5:20 बजे वह अपनी भैंसों के लिए चारा लेने जा रहा था। रास्ते में उसके भाई मामचंद और शशि ने उसे रोक लिया और उसके गले में परना डाल दिया। इसके बाद जसपाल और जसवंत उसे पकड़कर जबरन घर के अंदर ले गए। आरोप है कि वहां उसे बंधक बना लिया गया और उसके मुंह पर कपड़ा डाल दिया गया। अमर सिंह ने बताया कि घर के अंदर ले जाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई मामचंद ने उसकी नाक पर मुक्का मारा, जसपाल ने आंख पर थप्पड़ मारे, सुरजीत ने मुंह पर जूती मारी और शशि ने उसकी कोहनी पर वार किया। आरोप है कि उसके ऊपर डंडे से वार किया गया। भाई ने की गला दबाने की कोशिश शिकायतकर्ता के अनुसार मारपीट के दौरान मामचंद ने उसका गला दबाने की कोशिश की। वहीं शशि ने भी दोबारा उसके सिर पर हमला किया। अमर सिंह का आरोप है कि मारपीट करते हुए उसे धमकी दी गई कि यदि उन्हें घर के बीच में से रास्ता नहीं दिया तो उसे छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। इस दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि मारपीट की घटना के दौरान परिवार की दो महिलाओं ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाई। शिकायत के मुताबिक बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ थाने ले गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि परिवार के लोगों ने आपसी रंजिश के चलते उसे रास्ते में रोककर बंधक बनाया और सामूहिक रूप से उसके साथ मारपीट की। थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला आपसी रंजिश का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *