रोहतक के महम में नगर पालिका ने मुख्य बाजार समेत शहर के कई हिस्सों में सड़कों और फुटपाथों से दुकानदारों का सामान हटवाया। कई जगहों से सामान जब्त भी किया गया। अभियान के बाद बाजार में सड़कें और फुटपाथ पहले से ज्यादा खुले दिखे। नगर पालिका सचिव नवीन नांदल ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले उपमंडल अधिकारी (नागरिक), महम की अध्यक्षता में दुकानदारों और व्यापार मंडल के सदस्यों की बैठक हुई थी। इसमें सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने और शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। उपप्रधान बोले- अब रोज चलेगा अभियान नगर पालिका के उपप्रधान बसंत लाल गिरधर ने दुकानदारों से सड़क पर सामान न रखने की अपील की, ताकि पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को दिक्कत न हो। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान अब रोज चलेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई होगी। इस दौरान सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत सिंह, विकास और नरेश दरोगा भी मौजूद रहे।

