यमुनानगर में नाले में मिले शव की हुई शिनाख्त:गांधी नगर का रहने वाला, सुबह घर दूध पकड़ाकर काम पर निकला था, वापिस नहीं लौटा

यमुनानगर में नाले में मिले शव की हुई शिनाख्त:गांधी नगर का रहने वाला, सुबह घर दूध पकड़ाकर काम पर निकला था, वापिस नहीं लौटा

यमुनानगर में महाराणा प्रताप चौक के नजदीक बुधवार को नाले में मिले व्यक्ति के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान गांधी नगर पार्क के पास रहने वाले 40 वर्षीय बिरजू के रूप में हुई है। वह अपनी बहन पूजा के साथ रहता था और मजदूरी करता था। बुधवार सुबह दूध घर पहुंचाने के बाद वह काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर बहन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना देखकर उसने पुलिस से संपर्क किया और सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचकर शव की पहचान अपने भाई के रूप में की। पत्नी 15 साल पहले छोड़कर चली गई पूजा ने बताया कि उनके माता-पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। बिरजू की पत्नी करीब 15 साल पहले अपनी बेटी के साथ उसे छोड़कर चली गई थी। वहीं, पूजा के पति ने भी उसे तलाक दे दिया था। इसके बाद दोनों भाई-बहन एक साथ रहने लगे थे। बिरजू मजदूरी करता था और रोजाना काम पर जाता था। पूजा के अनुसार, बुधवार सुबह बिरजू दूध लेने गया था। दूध घर पर देने के बाद वह करीब साढ़े सात बजे काम के लिए निकल गया। इसके बाद पूजा भी अपने काम पर चली गई। शाम को जब वह घर लौटी तो बिरजू वहां नहीं मिला। उसे उम्मीद थी कि भाई काम से लौट आएगा, इसलिए उसने रात तक इंतजार किया। जब काफी देर तक बिरजू घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसे सोशल मीडिया के माध्यम से महाराणा प्रताप चौक के नजदीक नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद वह पुलिस के संपर्क में आई और अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की। सुबह नाले में मिला था शव, पुलिस ने शुरू की जांच बुधवार सुबह महाराणा प्रताप चौक के नजदीक नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया था। शव के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला था, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया था। बाद में शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया था। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। बिरजू की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *