यमुनानगर के फर्कपुर थाना क्षेत्र के विष्णुनगर में एक ज्योतिषी पर घर में घुसकर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पत्री दिखाने के बहाने ज्योतिषी को घर के गेट पर बुलाया और इसके बाद धक्का देकर घर के अंदर घुस गए। आरोप है कि एक हमलावर ने तलवार से उसकी गर्दन पर वार किया। ज्योतिषी ने बचाव के लिए बाजू आगे कर दी, जिससे तलवार उसकी बाईं बाजू पर लगी। इसके बाद किए गए दूसरे वार को हाथ से रोकने पर उंगली के बीच भी चोट आई। हमलावरों के दो अन्य साथियों ने भी उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। जाते समय तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पत्री दिखाने के बहाने गेट पर बुलाया फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में विष्णुनगर निवासी परमात्मा स्वरूप ने बताया कि वह ज्योतिषी का काम करता है। उसके पड़ोस में नरेश गुलाटी रहता है, जो उसके पास पत्री दिखाने के लिए आता-जाता था। नरेश कुमार का बेटा पुकार भी उसके संपर्क में था। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके एक जानकार विकास मेहता ने नरेश से बातचीत के बाद उसके बेटे पुकार को दुबई भेजा था, लेकिन कुछ दिन बाद ही पुकार वापस आ गया। इसके बाद नरेश ने उसे कहा कि वह विकास से उसके पैसे वापस दिलवाए। परमात्मा अनुसार उसने विकास मेहता से इस संबंध में बात की, लेकिन पैसे नहीं मिले। इसी बात को लेकर नरेश उससे रंजिश रखने लगा था। रात 11 बजे घर में घुसे हमलावर परमात्मा स्वरूप के अनुसार रात करीब 11 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान घर के बाहर एक व्यक्ति ने आवाज लगाई कि उसे पंडित जी को अपनी पत्री दिखानी है। आवाज सुनकर वह गेट पर आया। आरोप है कि वहां मौजूद व्यक्ति ने उसे अचानक धक्का दिया और घर के अंदर घुस गया। उसके पीछे दो अन्य युवक भी घर में घुस आए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। शिकायत के अनुसार इनमें से एक युवक के हाथ में तलवार थी। पीड़ित ने बताया कि उस युवक का हुलिया नरेश कुमार के बेटे पुकार से हूबहू मिलता-जुलता था। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन पर तलवार से वार किया। उसने बचाव के लिए अपनी बाईं बाजू आगे कर दी, जिस पर तलवार लगी। दूसरा वार हाथ से रोकने पर उंगली में चोट पीड़ित के अनुसार हमलावर ने दोबारा तलवार से वार करने का प्रयास किया, लेकिन उसने अपने हाथ से वार रोक लिया। इससे उसकी उंगली के बीच चोट लगी। इसी दौरान हमलावर के दोनों साथियों ने भी उसके साथ गद्दे-मुक्कों से मारपीट की। तीनों आरोपित मारपीट करने के बाद उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से फरार हो गए। परमात्मा स्वरूप ने बताया कि घटना के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी और अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी पेश की। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपितों की पहचान और हमले में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जांच कर रही है।

