मोगा के तहसीलदार कार्यालय में सरकारी कार्य के दौरान कथित हाथापाई और हंगामे का मामला सामने आया है। घटना के बाद थाना सिटी मोगा पुलिस ने एक युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, हाथापाई करने और सरकारी रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में मोहाली निवासी तहसीलदार मनिंदर सिंह पुत्र गुरसेवक सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को वह चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत मोगा-1 क्षेत्र के एसआईआर कार्य के संबंध में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के ब्लॉक-सी स्थित कमरा नंबर 105 में अनमैप्ड वोटरों की सुनवाई कर रहे थे। उस समय सेंटर हेड टीचर अवतार सिंह, मैथ लेक्चरर संजीव कुमार और कंप्यूटर टीचर नवदीप सिंह भी सरकारी ड्यूटी पर मौजूद थे। शिकायत के अनुसार, फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी स्नेहदीप अरोड़ा पुत्र पुष्पिंदर सिंह एक व्यक्ति से संबंधित लिखित दरखास्त लेकर कार्यालय पहुंचा। तहसीलदार ने उसे बताया कि संबंधित विभाग की ओर से लिखित पत्र मिलने के बाद ही नियमानुसार रिपोर्ट भेजी जा सकती है। आरोप है कि इस बात पर स्नेहदीप अरोड़ा नाराज हो गया और उसने अपने हाथ में मौजूद दरखास्त फाड़ दी। तहसीलदार के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और गले में हाथ डालकर खींचा, जिससे उनकी टी-शर्ट फट गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक ने सुनवाई के लिए आए लोगों के दस्तावेज फाड़ने की भी कोशिश की। कार्यालय कर्मचारियों ने उसे काबू कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना सिटी मोगा पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 132 और 221 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

