मैहर में चार वाहनों की भिड़ंत, पांच लोग घायल:बस ने ट्रक को टक्कर मारी, फिर पीछे से आ रही कार टकराई

मैहर में चार वाहनों की भिड़ंत, पांच लोग घायल:बस ने ट्रक को टक्कर मारी, फिर पीछे से आ रही कार टकराई

मैहर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 पर नरौरा के पास गुरुवार देर रात एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं। सभी लोग बिहार के गया जी से पितरों का पिंडदान करके वापस जबलपुर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब नरौरा के पास हाईवे से गुजर रहे एक ट्रक में पीछे से आ रही बस टकरा गई। बस के ठीक पीछे चल रही कार भी अचानक इस भिड़ंत की चपेट में आ गई। इसके तुरंत बाद कार के पीछे आ रहे एक दूसरे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। लगातार हुई 3 टक्करों में कार बुरी तरह पिचक गई। आपस में ससुर-दामाद हैं घायल हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान जबलपुर निवासी नितिन पटेल (34 वर्ष), संजय पटेल (47 वर्ष) और प्रकाश पटेल (62 वर्ष) के रूप में हुई है। दो अन्य सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि घायल आपस में ससुर और दामाद हैं। हाईवे पर लगा जाम, मैहर विधायक पहुंचे अस्पताल घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात चालू कराया। घायलों को एंबुलेंस से मैहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *