मैनपुरी के गणेशपुर गांव में पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया और विरोध करने पर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। गणेशपुर निवासी गमलेश पुत्र स्व. फूल सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता ने पैतृक भूमि पर निहास भरवाई थी। गमलेश का दावा है कि वह इस जमीन पर लंबे समय से काबिज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले गजेंद्र सिंह और उनके बेटे धर्मपाल उर्फ डीपी ने जमीन पर जबरन खूंटा गाड़कर कब्जा कर लिया। उस समय गमलेश घर पर मौजूद नहीं थे। गमलेश के घर लौटने पर जब उन्होंने कब्जे का विरोध किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने गांव के कुछ लोगों के माध्यम से भी जमीन को कब्जामुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पक्ष जमीन खाली करने को तैयार नहीं हुआ। गमलेश ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए उनके घर में घुस आए। शोर सुनकर गमलेश की बहनें उन्हें बचाने पहुंचीं। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने दोनों बहनों के साथ भी मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। गमलेश ने एक आरोपी पर अवैध असलहा लेकर घर के बाहर खड़े होकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन के विवाद को लेकर आरोपी लगातार उन्हें धमका रहे हैं और पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत कुरावली थाने में करने के बावजूद अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

