मैनपुरी में बिजली ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों में एलाऊ पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का तेल, कॉइल, उपकरण, दो वाहन, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 21 अगस्त की रात करीब 9:35 बजे तारापुर-भोगांव रोड पर दिलाखर गांव की पुलिया के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सकरुल्लापुर निवासी 22 वर्षीय सौरभ मिश्रा और 38 वर्षीय अजीत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार सफेद बोरियों में लगभग 50 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल, एक क्षतिग्रस्त 25 केवी ट्रांसफार्मर और एक बड़ी तथा दो छोटी ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त, दो रिंच, दो पेचकस, एक प्लास, दो एमरॉन कार बैटरियां, 10 हजार रुपये नकद और चोरी का माल ढोने में इस्तेमाल की गई एक ईको वैन व एक पिकअप भी जब्त की गई है। तलाशी के दौरान, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। इस संबंध में एलाऊ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से ट्रांसफार्मर चोरी करने और चोरी का माल कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन दोनों आरोपियों के खिलाफ एलाऊ, बेवर, बिछवां और विद्युत चोरी निरोधक थाने सहित कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों और गिरोह के शेष सदस्यों की भी जांच की जा रही है। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि गिरोह के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही गिरोह से जुड़े बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

