मैनपुरी जंक्शन पर एडीआरएम का निरीक्षण:15 दिन में एफओबी और लिफ्ट का काम पूरा करने के निर्देश, कमियां मिलने पर लगाई फटकार

मैनपुरी जंक्शन पर एडीआरएम का निरीक्षण:15 दिन में एफओबी और लिफ्ट का काम पूरा करने के निर्देश, कमियां मिलने पर लगाई फटकार

मैनपुरी जंक्शन पर रविवार दोपहर उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के एडीआरएम दीपक कुमार अचानक पहुंच गए। निजी वाहन से बिना पूर्व सूचना पहुंचे एडीआरएम ने करीब एक घंटे तक निर्माणाधीन परिसर का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान एफओबी और लिफ्ट का काम तय समय बीतने के बाद भी अधूरा मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई और 15 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए। बिना सूचना पहुंचे एडीआरएम, पैदल किया निरीक्षण एडीआरएम दीपक कुमार बाबा नीमकरौली धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे वह निजी वाहन से मैनपुरी जंक्शन पहुंच गए। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परिसर का जायजा लिया। करीब एक घंटे तक उन्होंने स्टेशन परिसर में पैदल घूमकर निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्थाएं भी देखीं। पेड़ों को सुरक्षित रखने और बारिश के पानी के जलभराव को रोकने के लिए ढलान को नाले से बेहतर तरीके से जोड़ने के निर्देश दिए। समय सीमा बीती, फिर भी अधूरा मिला एफओबी और लिफ्ट का काम एडीआरएम ने निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और उसे प्लेटफॉर्म से जोड़ने वाली लिफ्ट का निरीक्षण किया। दोनों कार्यों की निर्धारित समय सीमा पूरी हो चुकी थी, लेकिन काम अभी अधूरा मिला। इस पर एडीआरएम ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 दिन के भीतर हर हाल में एफओबी और लिफ्ट का काम पूरा किया जाए। गुणवत्ता में कमी मिली तो होगी कार्रवाई एडीआरएम ने एफओबी पर पैदल चलकर निर्माण की तकनीकी व्यवस्थाओं और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। मानकों से किसी भी तरह का समझौता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाएं भी देखीं एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री शेड को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि स्टेशन पर होने वाले सभी निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शे और निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराए जाएं, ताकि यात्रियों को भविष्य में परेशानी न हो। स्थानीय लोगों ने रखी रेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी एडीआरएम से मुलाकात कर मैनपुरी की रेल सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की। आवास विकास कॉलोनी निवासी हरिकिशन यादव ने मेमू ट्रेन का विस्तार आगरा तक टूंडला के रास्ते करने की मांग रखी। लोगों ने आगरा, कानपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़ाने के साथ आनंद विहार एक्सप्रेस को साप्ताहिक चलाने का प्रस्ताव भी दिया। एडीआरएम ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर में स्थित मंदिर के सुंदरीकरण की मांग भी एडीआरएम के सामने रखी। उन्होंने इस संबंध में बेहतर व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *