हरियाणा के नारनौल में एएसआई के बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक युवक को थप्पड़ मारते दिख रहा है। 12 सेकेंड के इस वीडियो में वो ‘मैं एक नंबर का गुंडा हूं, बंदे मारना काम मेरा’ गाने पर जिम में एक्सरसाइज करता दिखता है और साथ में एक युवक को कई बार पीटता है। वीडियो में जिस युवक की पिटाई की जाती है उसकी पहचान पुरानी सराय निवासी पंकज सैनी के रूप में हुई। पंकज ने एसपी को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि करीब दो साल पहले एएसआई के बेटे मन गोरा और उसके साथियों ने उसे किडनैप कर मारपीट की थी और वीडियो बनाई थी। उस समय पुलिस में शिकायत के बाद उसने वीडियो हटा दी थी, लेकिन 6 दिन पहले 14 अगस्त को इस वीडियो को फिर से वायरल कर दिया गया। यही नहीं जब आरोपियों को हटाने के कहा गया तो 18 अगस्त को आरोपियों ने घर पहुंचकर कहीं भी शिकायत करने पर फिर से मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। उधर, झज्जर थाने में तैनात एएसआई दयानंद ने कहा कि वीडियो गलती से पोस्ट हो गया, आगे से नहीं होगा। उधर, मामले की शिकायत मिलने पर एसपी दीपक कुमार ने कहा कि अभी वीडियो देखा नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और एक्शन लिया जाएगा। युवक को थप्पड़ मारते दिखा ASI का बेटा वायरल वीडियो में मन गोरा (30) पहले एक्सरसाइज करता नजर आता है। इसके बाद वीडियो के कुछ सेकेंड के हिस्से में वह एक युवक को थप्पड़ मारता है। वीडियो में इसके साथ ‘मैं एक नंबर का गुंडा हूं’ गाना लगाया गया है। आगे अलग-अलग जगहों के ऐसे शोट जोड़े गए हैं, जिनमें गुंडागर्दी दिखाने की कोशिश की गई है। पंकज का दावा- दो साल पहले अपहरण कर बनाया था वीडियो पुरानी सराय निवासी पंकज सैनी (28) ने एसपी को दी शिकायत में मन गोरा पर दो साल पहले किडनैप करने के साथ परिवार से फिरौती की मांगने के भी आरोप लगाए। बताया कि उस समय समझौते के नाम पर उसके परिवार से 40 हजार रुपए जबरन ले लिए गए और मामला पुलिस तक नहीं पहुंचने दिया। 14 अगस्त को पुराने वीडियो के वायरल होने का पता चला पंकज के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को उसे पता चला कि दो साल पहले बनाई गई मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो रही है। उसका आरोप है कि ये सब उसे बदनाम करने और नीचा दिखाने किए किया गया। इसके बाद 18 अगस्त को मन गोरा अपने भाई रवि शर्मा के साथ उसके घर पहुंचा। पंकज का दावा है कि दोनों ने वीडियो वायरल होने की बात पुलिस में बताने पर उसे दोबारा किडनैप करने और जान से मारने की धमकी दी। एसपी से बोला-मुझे सिक्योरिटी दो पंकज ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह लगातार मानसिक दबाव में है और उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। उसने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत पर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। एएसआई बोले- वीडियो पुराना, गलती से दोबारा चला गया मन के पिता और झज्जर में तैनात एएसआई दयानंद ने वीडियो को करीब दो साल पुराना बताया। उनका कहना है कि बेटे ने हाल में अपना इंस्टाग्राम अकाउंट अपडेट किया था और इसी दौरान पुराना वीडियो गलती से स्टोरी में लग गया, जिसके बाद यह दोबारा वायरल हो गया। उन्होंने कहा कि वीडियो हटा दिया जाएगा। एएसआई का दावा- युवक ने चोरी की थी उधर, दयानंद ने यह भी दावा किया कि वीडियो में जिस युवक की पिटाई हो रही है, उसने करीब दो साल पहले चोरी की थी। उनके मुताबिक, चोरी करते पकड़े जाने पर युवक ने बात कबूल की थी और इसी वजह से उनके बेटे ने उसे थप्पड़ मारा था। हालांकि, चोरी के इस आरोप और उस समय किसी पुलिस कार्रवाई की पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। छह महीने पहले भी बेटों का धमकी वाला वीडियो आया था एएसआई दयानंद के बेटों यश और मन का करीब छह महीने पहले भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें दोनों एक युवक को गाड़ी में बैठकर धमकाते दिखाई दिए थे। युवक की पहचान ‘नारनौल मेरी जान’ नाम से सोशल मीडिया हैंडल चलाने वाले इन्फ्लुएंसर साहिल के तौर पर बताई गई थी। साहिल ने पुलिस में शिकायत दी थी। इसके बाद यश ने वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया था और महावीर चौक पुलिस चौकी पहुंचकर माफी मांगी थी, जिसके बाद दोनों में राजीनामा हो गया था। एसपी बोले- वीडियो देखकर कराएंगे जांच मामले में एसपी दीपक कुमार का कहना है कि वीडियो देखने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान लेगी।

