कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड पर मैरिज पैलेस के पास राजेश की हत्या के बाद उसकी पत्नी विमला देवी आसपास के लोगों से बार-बार एक ही बात कह रही थी- “मेरे सिर पर काली आ गई, मैंने राजेश को मार दिया।” हत्या के बाद उसके इस बयान ने मामले की जांच को एक अलग दिशा दे दी है। पुलिस अब घरेलू विवाद के साथ महिला के व्यवहार और झाड़-फूंक से जुड़े एंगल की भी जांच कर रही है। हालांकि मकान मालिक रिंकू और उसका परिवार मामले में कुछ नहीं बोल रहा है। यहां तक कि राजेश के साथ वाटर सप्लाई का काम करने वाले उसके साथी भी कुछ नहीं बता रहे हैं। उधर, छत से कूदने के बाद आरोपी पत्नी विमला बेहोश हो गई थी, जिसे पुलिस ने पकड़कर LNJP अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका इलाज चल रहा है। छत कूदने के कारण उसकी रीढ़ में चोट लगी है। अस्पताल में महिला पुलिस को तैनात किया गया है, ताकि आरोपी कहीं भाग ना जाए। पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम राजेश और विमला के कमरे से काफी देर तक झगड़ने और चिल्लाने की आवाजें आती रहीं। इसी दौरान राजेश की चीख सुनकर मकान मालिक रिंकू ऊपर पहुंचा। पुलिस में रिंकू ने बताया कि कमरे में राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गहरा घाव था और आंतें बाहर निकली हुई थीं। विमला उन आंतों को एक बोरी में भर रही थी। रिंकू को देखते ही विमला कमरे से बाहर निकली और नीचे कूद गई। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक के मुताबिक, राजेश के पेट से किडनी, आधा लिवर और आतें गायब थी। फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है। ‘काली’ वाली बात की पुलिस कर रही जांच पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विमला किस काली के सिर पर आने की बात कर रही थी। हालांकि राजेश के साथी ने नाम ना बताने की शर्त पर बताया कि राजेश दिन में भी शराब पी लेता था। काम के बाद शाम को भी उसे शराब पीने लत थी। हालांकि उसकी पत्नी विमला से शराब पीने से रोकती थी। झाड़-फूंक और टोना-टोटका करती थी विमला पुलिस जांच में सामने आया कि विमला झाड़-फूंक और टोना-टोटका करती थी। इसी वजह से पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि केयूके थाना SHO ने कहा कि हत्या की वास्तविक वजह विमला से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी। अभी उसका इलाज चल रहा है। अभी अस्पताल में भर्ती है विमला राजेश की हत्या के बाद छत से कूदने के कारण विमला की रीढ़ में चोट आई है। वह अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है, लेकिन फिलहाल वह बोल नहीं पा रही है। उसकी हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही ‘मेरे सिर पर काली आ गई’ वाले बयान का मतलब और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। राजेश की तीसरी पत्नी थी विमला, दोनों का प्रेम विवाह विमला राजेश की तीसरी पत्नी थी। राजेश की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और दोनों पत्नियों से उसका तलाक हो गया था। विमला और राजेश ने प्रेम विवाह किया था। शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं थी। दोनों करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के सीतापुर से कुरुक्षेत्र आए थे। यहां पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास मकान में किराए पर रह रहे थे। राजेश पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था। पड़ोसियों ने बताया कि विमला ज्यादातर समय कमरे में ही रहती थी और आसपास के लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। कुछ लोगों ने उसे कई बार कच्चे चावल और चीनी खाते हुए भी देखा था। दोनों की उम्र में फर्क भी है।

