मेरठ में सोमवार सुबह कुछ इलाकों में हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों से मौसम में बदलाव बना हुआ है। बारिश और बादलों के कारण तापमान में लगातार गिरावट आई है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटे भी बदला रहेगा मौसम मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक सोमवार को दिनभर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। बारिश की संभावना करीब 95% है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।अगले 48 घंटे तक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। मौसम में अचानक बदलाव का असर लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर पड़ सकता है। बारिश के दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश से हवा हुई साफ बारिश का असर मेरठ की हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ा है। सोमवार को AQI करीब 44 से 79 के बीच रहने का अनुमान है। यह अच्छी से संतोषजनक श्रेणी में है। ऐसे में फिलहाल शहर में वायु प्रदूषण का असर कम रहने की उम्मीद है।

