मुरादाबाद में PET परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध:अपर जिलाधिकारी ने पंचायत भवन सभागार में समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

मुरादाबाद में PET परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध:अपर जिलाधिकारी ने पंचायत भवन सभागार में समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को मुरादाबाद में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में पंचायत भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। मुरादाबाद में आगामी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर 2026 को कुल 52 परीक्षा केंद्रों पर 1,40,112 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा शुरू होने से पहले ही अपने-अपने केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने को कहा गया है। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों की क्रियाशीलता और सुरक्षा के अन्य मानकों का कड़ा सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने उनके आवागमन और सुविधा के लिए रेलवे तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर प्रभावी परिवहन व्यवस्था करने पर जोर दिया है। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने और बाहर से आने वाले छात्रों के ठहरने के लिए होटल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *