मुरादाबाद। शारदीय नवरात्र को लेकर लाल बाग स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 अक्टूबर रविवार से शुरू होने वाले नवरात्र के लिए मंदिर परिसर में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस बार पंडाल को 2000 नारियल और फलों से सजाया जाएगा। वहीं, थाईलैंड, बैंकॉक और बंगाल से मंगाए गए विदेशी फूल इसकी सुंदरता बढ़ाएंगे। पंडाल की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। पिछले साढ़े चार साल से नितिन कुमार अपनी देखरेख में माता रानी के पंडाल को तैयार करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार पंडाल की थीम पिछले वर्षों से अलग रखी गई है। इसे माता वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम से मिलता-जुलता दरबार भी बनाया जाएगा। पंडाल को भव्य रूप देने के लिए कारीगर लगातार मेहनत कर रहे हैं। नितिन कुमार ने बताया कि पंडाल की सजावट का काम एक अक्टूबर से शुरू कर दिया गया था। करीब 40 कारीगर दिन-रात इसे तैयार करने में जुटे हैं। कारीगर पश्चिम बंगाल, कोलकाता और बुलंदशहर से बुलाए गए हैं। सजावट के लिए विशेष फूल विदेशों और दूसरे राज्यों से मंगाए गए हैं। नारियल और फलों से पंडाल को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। सेल्फी प्वाइंट से नियंत्रित होगी भीड़ नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अलग से सेल्फी प्वाइंट बनाया जा रहा है। इससे भक्त मंदिर परिसर में तस्वीरें ले सकेंगे और अंदर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। मंत्रों के उच्चारण के साथ करेंगे दर्शन मंदिर के प्रवेश द्वार पर तख्तियों पर मंत्र लिखे जा रहे हैं। श्रद्धालु मंत्रों का उच्चारण करते हुए आगे बढ़ेंगे और माता रानी के दर्शन करेंगे। इसके अलावा शाम के समय जागरण का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्त माता रानी का गुणगान करेंगे। नवरात्र से पहले पंडाल को अंतिम रूप देने के लिए तैयारियां जारी हैं। इस बार माता वैष्णो देवी की थीम, बदरीनाथ जैसा दरबार और विदेशी फूलों की सजावट विशेष आकर्षण रहेंगे।

