मुजफ्फरनगर में निकाली गई भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’:छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

मुजफ्फरनगर में निकाली गई भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’:छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

मुज़फ़्फ़रनगर में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार सुबह करीब 10 बजे से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। टाउन हॉल से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, NCC कैडेट्स, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। एमएलसी वंदना वर्मा, ब्लॉक प्रमुख चरथावल अक्षय कुंडीर, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि अमरपाल और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने वंदे मातरम गायन के साथ तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा टाउन हॉल से शुरू होकर शिव चौक, अंसारी रोड और मालवीय चौक से होते हुए वापस टाउन हॉल पहुंची। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। एमएलसी वंदना वर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की अपील की। यात्रा के समापन पर टाउन हॉल में वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, डीसी एनआरएलएम केएन पांडेय, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, अपर सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *