मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 21 अगस्त को टीकमगढ़ दौरा प्रस्तावित है। वे जन विश्वास अभियान के तहत लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए नगर पालिका टीकमगढ़ का चयन किया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। साफ-सफाई के साथ-साथ निर्माण कार्य भी किए जा रहे हैं। जिस हॉल में मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुनेंगे, उसे नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, बैठक हॉल में नया फर्नीचर लगाया जा रहा है और सभी कमरों की साफ-सफाई का काम तेजी से जारी है। भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 अगस्त को टीकमगढ़ में जन विश्वास अभियान के तहत लोगों की शिकायतें सुनेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए 80 लोगों की सूची तैयार की है। मुख्यमंत्री एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर ही उनका समाधान किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय बुद्धिजीवियों के साथ संवाद भी करेंगे और पत्रकार वार्ता के माध्यम से पत्रकारों से भी रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रदेश के अन्य जिलों में भी जन विश्वास अभियान के तहत लोगों की शिकायतें सुनी हैं और कई जगह लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को मंच से ही निलंबित किया है। मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम को लेकर जिले के अधिकारियों में सतर्कता बढ़ गई है। विद्युत विभाग, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका टीकमगढ़ और आदिम जाति कल्याण विभाग सहित कई विभागों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों की शिकायतें दर्ज की गई हैं। इन सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को कम करना शुरू कर दिया है।


