सोनभद्र मे भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद स्वरूप मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश का प्रदेश संयोजक नियुक्त किए जाने पर सोनभद्र के व्यापारी समाज में खुशी की लहर है। व्यापार जगत में लंबे समय से सक्रिय और व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करने वाले मुकुंद स्वरूप मिश्रा को मिली इस जिम्मेदारी को व्यापारी हितों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही जिले के व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर सोनभद्र व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता और जिला महामंत्री राजेश बंसल ने संयुक्त रूप से कहा कि मुकुंद स्वरूप मिश्रा का पूरा जीवन व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए समर्पित रहा है। संगठन में उनके लंबे अनुभव, संघर्षशील नेतृत्व और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि मुकुंद स्वरूप मिश्रा के प्रदेश संयोजक बनने से प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। उनके नेतृत्व में व्यापारियों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है। इससे छोटे-बड़े व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी के माध्यम से संगठन की आवाज और अधिक मजबूत होगी। साथ ही व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष प्रकाश केसरी, युवा अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी, आईटी सेल अध्यक्ष अजय केशरी और मंडी अध्यक्ष श्याम बाबू सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी खुशी जताते हुए मुकुंद स्वरूप मिश्रा को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

