मिजोरम के चम्फाई जिले में भारत-म्यांमा सीमा के पास असम राइफल्स ने 1.87 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। असम राइफल्स के प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी विशेष सूचना के आधार पर बल के जवानों ने शनिवार को चम्फाई जिले के जोखावथर के वांगकाई इलाके में तियाउ नदी के किनारे घात लगाकर निगरानी शुरू की थी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जवानों ने एक महिला को हरे रंग का पॉलीथीन बैग लेकर नदी पार करते देखा। महिला ने नदी किनारे बैग रखने के बाद स्कूटर पर इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को इशारा किया। अधिकारी के अनुसार, असम राइफल्स के जवानों को अपनी ओर आता देख महिला म्यांमा की तरफ भाग गई, जबकि दूसरा व्यक्ति स्कूटर लेकर फरार हो गया और बैग वहीं छोड़ गया।
उन्होंने बताया कि बाद में बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 250.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत 1.87 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए चम्फाई के आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया है।

