जिले के चंदिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद चंदिया पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सूचना दी गई। घटना देर रात होने के कारण दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दोनों के बीच विवाद होने का जिक्र प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले युवक और युवती के बीच स्टेशन पर किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों रेलवे लाइन के पास पहुंचे और मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हालांकि, विवाद और हादसे के बीच की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही घटना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस मृतकों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक और युवती के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और वे किन परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आए।

