अजमेर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो लड़कियों के लापता होने के मामले सामने आया है। रामगंज थाना क्षेत्र में 13 साल की छात्रा अपनी मां को टिफिन में खाना देने के बाद बड़ी बहन के घर जाने की बात कहकर निकली, लेकिन वहां नहीं पहुंची। वहीं, हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में एक युवती सुबह घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। दोनों मामलों में परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मां को खाना देने के बाद निकली, बहन के घर भी नहीं पहुंची रामगंज थाना क्षेत्र में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी मां को ठेले पर खाना देने गई थी। इसके बाद उसने मां से कहा कि वह पास में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर जा रही है। वह वहां जाने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। शाम करीब 4:30 बजे तक छात्रा के नहीं पहुंचने पर परिजनों ने बड़ी बहन के घर संपर्क किया। तब पता चला कि छात्रा वहां पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। छात्रा के पास मौजूद कीपैड मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह घर से निकली युवती, दिनभर तलाश के बाद भी नहीं मिला पता दूसरा मामला हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवती सुबह बिना बताए घर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की। इसके साथ ही रिश्तेदारों से संपर्क कर संभावित स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। काफी प्रयासों के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल को सौंपी है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है।

