मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के मढामई गांव में घर के बाहर बैठी महिला पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला के हाथ-पैर समेत शरीर के निजी अंगों में गंभीर चोटें आने का आरोप है। पीड़िता ने एसपी को शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने भी एसपी को पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई का अनुरोध किया है। पीड़िता प्रमिला देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह के मुताबिक, वह दोपहर करीब तीन बजे अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के सुनील कुमार पुत्र अमृतलाल, पवन कुमार पुत्र अमृतलाल और अयोध्या प्रसाद पुत्र रामकिशन वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियार से भी हमला किया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हाथ-पैर और निजी अंगों में चोट प्रमिला देवी ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके हाथ-पैर और शरीर के निजी अंगों में चोटें आईं। घटना के समय उनके पति और देवर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़िता के अनुसार, मारपीट का वीडियो बनाया जा रहा था, लेकिन आरोपियों ने मोबाइल फोन तोड़ दिया। घायल महिला को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। मकान पर कब्जे का लगाया आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर पर कब्जा करना चाहते हैं। वह अपनी सास की ओर से दिए गए मकान में रह रही हैं। महिला के मुताबिक, इस मकान का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराया गया था। इसी मकान को लेकर विवाद चल रहा है। थाने में शिकायत न लेने का आरोप प्रमिला देवी का आरोप है कि घटना के बाद वह परिजनों के साथ बरनाहल थाने पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने न तो उनका मेडिकल कराया और न ही शिकायत पत्र लिया। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें थाने से वापस भेज दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने भी एसपी को भेजा पत्र मामले में भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। विधायक ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। अब पुलिस स्तर से मामले की जांच और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

