हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला नशा तस्कर की करीब 1.25 करोड़ रुपए कीमत की संपत्ति फ्रीज कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत की। फ्रीज की गई संपत्ति चक 05 एलकेडी क्षेत्र में स्थित करीब 1950 वर्गफुट क्षेत्रफल का आवासीय मकान है। एसपी के निर्देश पर टाउन थाना पुलिस की कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और वृताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान को फ्रीज किया। 8 फरवरी को नशीले पदार्थ के साथ पकड़ी गई थी महिला पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सहजादा बीबी उर्फ साजिया उर्फ काली, पत्नी सदाम हुसैन उर्फ नालिवाला, निवासी वार्ड नंबर 06 लखूवाली को 8 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 10.15 ग्राम नशीला पदार्थ और 12,260 रुपए की बिक्री राशि बरामद हुई थी। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण संख्या 83/2026 दर्ज किया गया था। महिला के साथ मिलकर चला रही थी नशे का नेटवर्क जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सहजादा बीबी एक अन्य महिला आरोपी ईस्मा, पत्नी राजबली, निवासी लखूवाली के साथ मिलकर नशा तस्करी का नेटवर्क चला रही थी। पुलिस ने सह-आरोपी ईस्मा को भी गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत कार्रवाई की। पहले से दर्ज हैं NDPS के तीन मामले पुलिस ने सहजादा बीबी उर्फ साजिया उर्फ काली को अव्वल दर्जे की नशा तस्कर बताया है। उसके खिलाफ पहले से NDPS एक्ट के तहत तीन मामले और चोरी का एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, वह पिछले कई वर्षों से नशा तस्करी में लिप्त रही है। वैध आय का नहीं मिला स्पष्ट स्रोत वित्तीय जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की वैध आय का कोई स्पष्ट स्रोत नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि करीब 1950 वर्गफुट का यह मकान नशा तस्करी से अर्जित धन से खरीदा गया था। इसी आधार पर NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

