महाराष्ट्र: दो किशोरियों से दरिंदगी की दहला देने वाली घटनाएं, पालघर में सगे भाई तो पवई में 6 लड़के गिरफ्तार

महाराष्ट्र: दो किशोरियों से दरिंदगी की दहला देने वाली घटनाएं, पालघर में सगे भाई तो पवई में 6 लड़के गिरफ्तार

महाराष्ट्र में नाबालिग लड़कियों के खिलाफ यौन अपराधों के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व में 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस मामले में पेल्हार पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

वहीं, मुंबई के पवई इलाके में भी 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों घटनाओं में आरोपियों पर पीड़िताओं को तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।

नालासोपारा में कपड़े की दुकान के अंदर वारदात का आरोप

पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, नालासोपारा पूर्व में यह घटना 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच हुई। आरोप है कि गावदेवी मंदिर के पास स्थित एक कपड़े की दुकान के अंदर अमन नतीफ शेख (24) और उसके भाई अरबाज शेख (30) ने 15 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

आरोपियों ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसकी तस्वीरें और वीडियो उसकी मां को भेज दिए जाएंगे और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे।

इस मामले में 30 अक्टूबर की देर शाम पेल्हार पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 65(1), 70(2), 351(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के बाद देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पवई गैंगरेप केस में 24 घंटे के भीतर छह आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के पवई इलाके में भी 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 27 और 28 अक्टूबर के बीच हुई थी। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सभी छह आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अपने चार साथियों के साथ किशोरी को साकी विहार रोड पर एक बेकरी के पीछे स्थित सुनसान जगह पर ले गया था। वहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने परिवार या पुलिस को इसकी जानकारी दी तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी।

पाइपलाइन के पास भी किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप

जांच के दौरान सामने आया कि इसी मामले में एक अन्य आरोपी ने पवई में पाइपलाइन के पास किशोरी को रोका और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ एवं यौन उत्पीड़न किया।

घटना के बाद सदमे में आई किशोरी ने परिवार की मदद से 29 अक्टूबर की सुबह पवई पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 74 के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 4, 8 और 12 के तहत एफआईआर दर्ज की।

KEM अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में से किसी का भी पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *