विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंध समिति एक विशेष और नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है। मंदिर के इतिहास में पहली बार समिति की ओर से प्रतिदिन आम श्रद्धालुओं को नि:शुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ शुक्रवार से होने जा रहा है। मंदिर समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर प्रबंध समिति लगातार श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार और नवाचार कर रही है। इसी कड़ी में अब दर्शनार्थियों को प्रतिदिन प्रसाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। दो निकास द्वारों से मिलेगा प्रसाद उप प्रशासक के अनुसार, दर्शन के बाद बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के दो प्रमुख निकास द्वारों पर प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां श्रद्धालुओं को चने, चिरौंजी और रेवड़ी का सूखा प्रसाद पैकेट में वितरित किया जाएगा, ताकि भक्त इसे आसानी से अपने साथ ले जा सकें। भोग अर्पण के बाद शुरू होगा वितरण यह प्रसाद वितरण प्रतिदिन सुबह की पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगा। भगवान महाकालेश्वर को विधिवत नैवेद्य और भोग अर्पित करने के बाद ही इसे प्रसादी के रूप में दर्शनार्थियों में बांटा जाएगा। मंदिर समिति के इस नवाचार से दूर-दराज से आने वाले भक्तों को दर्शन के साथ ही बाबा महाकाल का पावन प्रसाद भी सहजता से सुलभ हो सकेगा।

