​​​​​मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर गुजरात में सियासी घमासान, भाजपा ने किया प्रदर्शन तो कांग्रेस ने बांटी ‘मेलोडी’ चॉकलेट

​​​​​मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर गुजरात में सियासी घमासान, भाजपा ने किया प्रदर्शन तो कांग्रेस ने बांटी ‘मेलोडी’ चॉकलेट

Narendra Modi Father Controversy: गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन किया। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपने कार्यालय के बाहर नारे लगाए और मेलोडी चॉकलेट बांटी। गांधीनगर में भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खरगे से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन में सांसद हसमुख पटेल, विधायक अल्पेश ठाकोर और भरत पंड्या सहित कई नेता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की।

भाजपा के विरोध का दिया जवाब

दूसरी ओर कांग्रेस कार्यालय पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। यहां उन्होंने ‘श्रीराम जय जय राम’ के नारे लगाए और मेलोडी चॉकलेट बांटकर भाजपा के विरोध का जवाब दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने घ-3 सर्कल से रैली निकाली और कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचकर विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता लौट गए। इससे पुलिस ने भी राहत की सांस ली।

हताश हो चुकी है कांग्रेस

भाजपा विधायक अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हताशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के बारे में भी पहले टिप्पणियां की गई थीं और अब उनके दिवंगत पिता को लेकर बयान दिया गया है। ठाकोर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश और राजनीति में बदलाव किया है तथा जनकल्याण के काम किए हैं। कांग्रेस को लग रहा है कि इन कामों के कारण आने वाले समय में उसकी जरूरत कम हो जाएगी। इसी हताशा में उसके नेता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

खरगे को माफी मांगनी चाहिए

उन्होंने कहा कि 85 साल के वरिष्ठ नेता को इस तरह की टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। खरगे को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। ठाकोर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल की गई भाषा देश के नागरिकों और गुजरात के लोगों का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पूरी पार्टी से भी माफी मांगने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *