नागरिक अस्पताल में रात के समय उस वक्त तनाव फैल गया, जब एक मरीज ने कथित तौर पर नशे के लिए नर्सिंग स्टाफ से सिरिंज की मांग की। स्टाफ के इनकार करने पर मरीज ने बहस शुरू की और कथित रूप से हाथापाई पर उतर आया। आरोप है कि उसने स्टाफ की पानी की बोतल उठाकर पहले पानी पिया और फिर वही पानी नर्सिंग कर्मियों के चेहरे पर फेंक दिया। हालात बिगड़ते देख सरकारी क्वार्टर में रहने वाला स्वीपर दिलशेर बीच-बचाव के लिए आगे आया। आरोप है कि मरीज ने चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया, जिससे दिलशेर घायल हो गया। बचाव के दौरान एक महिला की उंगली पर भी चाकू लगने से चोट आई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और आरोपी मरीज को पुलिस के हवाले कर दिया गया। अस्पताल के एसएमओ डॉ. प्रभु दयाल ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

