लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन प्रबंधन विभाग के भैंस फार्म में पशुओं की सार्वजनिक नीलामी में 59 पशुओं की बिक्री से 47.21 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। नीलामी में हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से करीब 250 पशुपालक व प्रजनक पहुंचे। कुल 59 पशुओं में 24 भैंस, 11 कटड़ियां और 24 कटड़े शामिल थे। इनमें से 11 कटड़े नीलामी से एक दिन पहले प्रजनन उद्देश्य से खरीदे गए थे। शेष 48 पशुओं की सार्वजनिक बोली से विभाग को 44.70 लाख रुपए की आय हुई। सबसे ऊंची बोली भैंस संख्या 1131 पर लगी, जो 2.80 लाख रुपए में बिकी। 24 भैंसों में से 16 की कीमत एक लाख रुपए से अधिक रही, जबकि सात भैंसें डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा कीमत पर बिकीं। इसी तरह 11 कटड़ियों में से चार की कीमत एक लाख रुपए से अधिक रही। अधिष्ठाता डॉ. अनीश यादव ने इसे फार्म में तैयार गुणवत्तापूर्ण पशुधन और प्रजनन कार्यक्रमों की उपयोगिता का संकेत बताया। विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह बिढ़ान के अनुसार, पड़ोसी राज्यों से खरीदारों की भागीदारी बढ़ती मांग को दर्शाती है।

