मनेंद्रगढ़ में शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर भक्तिमय माहौल रहा। शहर के दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय में करीब 50 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने पंडाल समितियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। दोनों नेताओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने क्षेत्रवासियों को नवरात्र और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्र आस्था, भक्ति और शक्ति की उपासना का प्रतीक है। यह पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का संचार करता है। मनोकामना लेकर पहुंचते हैं श्रद्धालु मां शीतला मंदिर में श्रद्धालु पूरे विश्वास के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता से प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मां शीतला की आराधना करने से सुख-शांति और आशीर्वाद मिलता है। मंदिर में नवरात्र के दौरान ज्योति कलश भी प्रज्वलित किए गए हैं। महाआरती में शामिल होते हैं भक्त मंदिर में प्रतिदिन शाम को महाआरती होती है। इस दौरान माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठता है। श्रद्धालु आरती में शामिल होकर माता की स्तुति करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। महाआरती के बाद भक्तों को भोग-प्रसाद वितरित किया जाता है। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। मंदिर में मां शारदा की प्राचीन प्रतिमा भी विराजित मां शीतला मंदिर में मां शीतला के अलावा मां शारदा की प्राचीन प्रतिमा भी विराजित है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि मां अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं।

