कानपुर में कर्ज के चलते जमीन बेचने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे घाटमपुर सीएचसी ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार देर रात महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची घाटमपुर पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला घाटमपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का है। कर्ज बढ़ने पर जमीन बेचकर रकम चुकाना चाहता था पति घाटमपुर के प्रतापपुर गांव निवासी संजय मजदूरी करते हैं। परिवार में उनकी मां दयावती और छोटे भाई मुकेश व राकेश हैं। संजय के मुताबिक, मुकेश की करीब सात साल पहले सरस्वती (23) से शादी हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें बेटा बउआ और बेटियां लाडो व रुचि शामिल हैं। मुकेश भी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। संजय ने बताया कि मुकेश को शराब पीने की लत है और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज बढ़ने के कारण वह परेशान रहता था। इससे छुटकारा पाने के लिए वह घर की कुछ जमीन बेचकर बकाया रकम चुकाना चाहता था। जमीन बेचने से पत्नी ने किया इनकार, विवाद के बाद खाया जहरीला पदार्थ संजय के अनुसार, मुकेश की पत्नी सरस्वती जमीन बेचने के पक्ष में नहीं थी। इसी बात को लेकर बीते शुक्रवार देर शाम दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के कुछ देर बाद सरस्वती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे उसे तत्काल घाटमपुर सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हैलट पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, रविवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया सरस्वती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां की मौत से तीनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर घाटमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई करेगी पुलिस घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजन कोई शिकायत देते हैं या किसी के खिलाफ आरोप लगाते हैं तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

