मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में धौलपुर निवासी युवक की मौत हो गई। आगरा-दिल्ली हाईवे पर बरारी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी अजय कौशल के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5 बजे बरारी गांव के पास जियो पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बाइक सवार युवक मथुरा से आगरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जेब से मिला आधार कार्ड, धौलपुर के युवक के रूप में हुई पहचान हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। तलाशी के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजस्थान के धौलपुर जिले के मछरिया कस्बा निवासी भूपेंद्र कुमार त्यागी के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम, बाइक हटाकर यातायात कराया सुचारु हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


