बस्ती में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए बस्ती जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत यह व्यवस्था की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों हर्रैया, कप्तानगंज, रुधौली, बस्ती सदर और महादेवा में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि कैंपों में बीएलओ के पास फार्म-6 समेत विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे। पात्र नागरिक निर्धारित दस्तावेज, अद्यतन फोटो तथा जन्मतिथि और निवास से संबंधित विवरण के साथ आवेदन कर सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी प्रति भी सहायक दस्तावेज के रूप में दी जा सकती है। ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक संबंधित पदाभिहित स्थल, तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवश्यक फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंपों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

