मऊ में नगर पालिका कर्मचारियों से मारपीट:सफाई को लेकर सभासद प्रतिनिधि ने की मारपीट, कर्मचारियों ने थाने का किया घेराव

मऊ में नगर पालिका कर्मचारियों से मारपीट:सफाई को लेकर सभासद प्रतिनिधि ने की मारपीट, कर्मचारियों ने थाने का किया घेराव

मऊ जिले में बुधवार को नगर पालिका के कर्मचारियों ने मारपीट के मामले को लेकर नगर कोतवाली थाने का घेराव किया। दोपहर करीब एक बजे काफी संख्या में नगर पालिका के कर्मचारी शहर कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। अचानक इतनी संख्या में कर्मचारियों के थाने पहुंचने से पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। नगर पालिका कर्मचारियों के मुताबिक, यह मामला नगर पालिका के वार्ड नंबर 45 में सफाई को लेकर हुआ। कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई के मामले पर वार्ड नंबर 45 के सभासद प्रतिनिधि मोहम्मद आदिल और नगर पालिका कर्मचारी मोहम्मद अर्सद व अजय कुमार के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर मोहम्मद आदिल ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका के करीब 20 से अधिक कर्मचारी इकट्ठा होकर थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ मारपीट की घटना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले पर सीओ सिटी नितेश कुमार सिंह ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारियों की ओर से शिकायत पत्र मिला है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि वहीं, नगर पालिका कर्मचारी FIR दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *