रतलाम में मप्र शासन के आदेश के तहत धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज में बजने वाले लाउड स्पीकर हटाने की कार्रवाई फिर शुरू हो गई है। मंगलवार दोपहर से देर शाम तक जिला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। 5 धार्मिक स्थलों से 18 लाउड स्पीकर हटाए गए। इनमें मस्जिद और मंदिर दोनों शामिल हैं। दो दिन पहले कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने सभी धार्मिक स्थलों की जांच कर अनावश्यक रूप से लगे लाउड स्पीकर हटाने को कहा था। साथ ही स्पष्ट किया था कि कोई भी ध्वनि विस्तारक यंत्र तय डेसिबल सीमा से ज्यादा आवाज में नहीं बजना चाहिए। इसके लिए एसडीएम को कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अलग-अलग दल बनाए गए। देखें तस्वीरें… कमेटियों से संवाद कर खुद हटवाए लाउड स्पीकर मंगलवार को एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, आशीष उपाध्याय और संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर जांच की। अनावश्यक रूप से लगे लाउड स्पीकरों को हटाने के लिए संबंधित संचालकों और मस्जिद कमेटियों से बातचीत की गई। इसके बाद कमेटियों और संस्थाओं ने खुद लाउड स्पीकर खोल लिए। अबु बकर मस्जिद मिलनतपुरा, शेरानीपुरा जमातखाने के पास स्थित मस्जिद, अहल ए सुल्तान, रजा मस्जिद, जमातखाना मदीना मस्जिद हाट की चौकी और मेहंदीकुई बालाजी मंदिर से लाउड स्पीकर हटाए गए। तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया कि सभी से बातचीत कर कार्रवाई की जा रही है। लाउड स्पीकर हटाने का अभियान 7 दिन तक जारी रहेगा।

