मंत्री विज बोले-अफसर सरकार की बेइज्जती करवा रहे:XEN को नूंह ट्रांसफर करने के आदेश; जग्गी सिटी सेंटर पर कार्रवाई न होने से नाराज

मंत्री विज बोले-अफसर सरकार की बेइज्जती करवा रहे:XEN को नूंह ट्रांसफर करने के आदेश; जग्गी सिटी सेंटर पर कार्रवाई न होने से नाराज

अंबाला के जग्गी सिटी सेंटर में बिजली कनेक्शन और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने नाराजगी जताई। जनता दरबार में शिकायत सुनते हुए विज ने अधिकारियों से पूछा कि आखिर क्यों सरकार की बेइज्जती करवा रहे हो? उन्होंने रिपोर्ट में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिपोर्ट पैदल आ रही है या गाड़ी में? 20 दिन हो गए। इसके बाद विज ने बिजली निगम के XEN हरीश गोयल को नूंह ट्रांसफर करने के आदेश दिए। वहीं, SE बिजली निगम और चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को भी फटकार लगाई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जग्गी सिटी सेंटर में नियमों के विपरीत बिजली कनेक्शन दिए गए हैं और परिसर के अंदर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर बने कियोस्क में भी बिजली का इस्तेमाल हो रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इन कियोस्क में एसी, फ्रिज और इंडक्शन जैसे उपकरण लगे हैं, जबकि आम दुकानदारों के खिलाफ बिजली कनेक्शन और नियमों के उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। शिकायतकर्ता ने बिजली निगम के XEN हरीश गोयल की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि संबंधित मामलों की जांच और कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है। 20 दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं आई तो मंत्री ने लगाई फटकार मामले में चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की ओर से पहले निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी आपत्तियां दर्ज की गई थीं। इसके बाद 48 घंटे में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए थे। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया कि जब इतने दिन पहले कार्रवाई की बात कही गई थी, तो अब तक स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं हुई। इस पर बिजली निगम के SE ने मंत्री को बताया कि निरीक्षण के बाद की रिपोर्ट अभी उनके पास नहीं पहुंची है। अधिकारियों ने कहा कि संबंधित पक्ष ने आपत्तियों के अनुपालन की जानकारी दी थी और दोबारा निरीक्षण भी किया गया, लेकिन रिपोर्ट मिलना बाकी है। इस पर विज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 20 दिन बीतने के बाद भी रिपोर्ट नहीं आई तो यह कैसी कार्यप्रणाली है? उन्होंने चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर मनोज रस्तोगी से फोन पर बात की और उनसे पूछा कि जब SE उनके सामने खड़े होकर कह रहे हैं कि रिपोर्ट नहीं मिली, तो आखिर कार्रवाई की जानकारी क्यों नहीं पहुंची। विज ने उन्हें खुद दोबारा मौके पर जाकर जांच करने और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कियोस्क में बिजली इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जग्गी सिटी सेंटर परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर बनाए गए कियोस्क में कई एसी, फ्रिज और अन्य बिजली उपकरण चलाए जा रहे हैं। उसने सवाल उठाया कि यदि कोई सामान्य दुकानदार सड़क किनारे खोखा लगाकर बिजली कनेक्शन ले, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो सकती है, लेकिन इन कियोस्क के मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि परिसर में बिजली की सप्लाई को दूसरे स्थान तक बढ़ाया गया और इसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया। इस पर बिजली निगम के अधिकारी ने बताया कि कनेक्शन वाले परिसर से बाहर पार्किंग की ओर सप्लाई बढ़ाने के मामले में अनधिकृत विस्तार का नोटिस दिया गया था और संबंधित राशि जमा करवा दी गई है। अधिकारी ने इसे बिजली चोरी के बजाय अनधिकृत विस्तार का मामला बताया। इस पर विज ने सवाल किया कि यदि बिजली का इस्तेमाल दूसरे को सप्लाई देने के लिए किया जा रहा था, तो केवल जुर्माना लगाकर मामला निपटाना पर्याप्त कैसे है? अधिकारियों ने बताया कि नियमों और संबंधित निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की गई है। XEN पर कार्रवाई के आदेश, अधिकारियों से जवाब तलब शिकायतकर्ता ने XEN हरीश गोयल पर आरोप लगाया कि पहले SDO रहते हुए भी उनकी भूमिका इस मामले में रही थी और अब XEN बनने के बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही। उसने आरोप लगाया कि जांच से जुड़ी फाइलें दबाई जा रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले पर नाराजगी जताते हुए विज ने XEN हरीश गोयल को नूंह ट्रांसफर करने के आदेश दिए। साथ ही SE बिजली निगम और चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विज ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थान पर दोबारा निरीक्षण किया जाए और यदि नियमों का उल्लंघन मिलता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *