बालाघाट। मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना अंतर्गत चंद्रपुरा लडैयाटोला निवासी दादूलाल टेकाम (वृद्ध) मंगलवार को तुमसर-बालाघाट ट्रेन में मृत मिले। सुबह पैर के घाव का इलाज कराने घर से निकले दादूलाल की शाम तक मौत की खबर परिवार को मिली। परिजनों के पहुंचने के 20 घंटे बाद बुधवार दोपहर 12 बजे उनका पोस्टमार्टम कराया गया। दादूलाल के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। वे खेतीहर मजदूरी का काम करते थे। दादूलाल मंगलवार को कटंगी के सेवाधाम अस्पताल में इलाज कराने गए थे। वहां से वापस लौटते समय ट्रेन में उनकी मौत हो गई। उनके बेटे मुकेश कुमार टेकाम ने बताया कि पिता के पैर में घाव था। वे मंगलवार सुबह 5 बजे बम्हनी से नैनपुर और फिर नैनपुर से बालाघाट ट्रेन से पहुंचे थे। इसके बाद वे कटंगी गए और इलाज कराकर लौट रहे थे। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने उन्हें पिता की मौत की सूचना दी। बुधवार दोपहर रेलवे पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। रेलवे पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह पता चल पाएगी। हालांकि, आशंका है कि दादूलाल की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को तुमसर से बालाघाट पहुंची ट्रेन में दादूलाल टेकाम मृत मिले थे। रेलवे पुलिस ने शव बरामद कर उनकी पहचान शुरू की थी। उनकी जेब से कटंगी से बालाघाट की टिकट और बम्हनी बंजर के दादूलाल के नाम की पर्ची मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी थी।

