नरसिंहपुर जिले के सालीचौका रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात चाकूबाजी की घटना हुई। जबलपुर में परिवार के सदस्य की मंगनी में शामिल होकर लौट रहे बैरागढ़ गांव के दो लोग चाकू के हमले में घायल हो गए। घायलों की पहचान शेख नईम और सैयद शौकत अली के रूप में हुई है। दोनों को सालीचौका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीढ़ियों से उतरते समय शुरू हुआ विवाद घायल सैयद शौकत अली के मुताबिक, परिवार के करीब 15 लोग छोटे भाई की मंगनी में शामिल होने जबलपुर गए थे। लौटते समय वे ट्रेन से सालीचौका स्टेशन पहुंचे। सीढ़ियों से उतरने के बाद वह तीन बच्चों को टॉर्च की रोशनी में स्टेशन के बाहर ले जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक गाली देने लगा। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाया और चाकुओं से हमला कर दिया। महिलाओं और बच्चों के बीच मची अफरा-तफरी हमले के दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के साथ महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। अचानक हुई चाकूबाजी से लोग घबरा गए। हमले में शेख नईम और सैयद शौकत अली घायल हो गए। परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलने पर सालीचौका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस विवाद की वजह और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

