भोपाल में वाहनों को PUC बांटने वाली वैन ही अनफिट:धुएं का गुबार छोड़ते वीडियो वायरल, RTO बोले- तत्काल कार्रवाई करेंगे

भोपाल में वाहनों को PUC बांटने वाली वैन ही अनफिट:धुएं का गुबार छोड़ते वीडियो वायरल, RTO बोले- तत्काल कार्रवाई करेंगे

भोपाल में वाहनों को प्रदूषण जांच के बाद PUC (पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल) सर्टिफिकेट देने वाली एक वैन का ही प्रदूषण फैलाते हुए वीडियो सामने आया है। नर्मदापुरम रोड पर चल रही PUC लिखी ओमनी वैन से इतना अधिक धुआं निकलता दिखाई दे रहा है कि सड़क पर पीछे चल रहे वाहन तक धुएं के गुबार में नजर आते हैं। वैन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में PUC लिखी ओमनी वैन सड़क पर सरपट दौड़ती दिखाई दे रही है। इसी दौरान उसके एग्जॉस्ट से लगातार गहरा धुआं निकल रहा है। वैन के पीछे चल रहे लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि जो वाहन दूसरे वाहनों की प्रदूषण जांच कर उन्हें PUC सर्टिफिकेट जारी कर रहा है, अगर वही खुद इतना धुआं छोड़ रहा है तो उसकी फिटनेस और प्रदूषण की जांच कैसे हुई? लोगों ने उठाया सवाल- इसे PUC किसने दिया? वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग परिवहन विभाग से सवाल कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि PUC सेंटर या उससे जुड़ी गाड़ी का काम दूसरे वाहनों के प्रदूषण की जांच करना है। ऐसे में इस वाहन का सड़क पर इतना अधिक धुआं छोड़ना गंभीर मामला है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इस वैन को PUC सर्टिफिकेट किसने जारी किया और इसकी नियमित जांच कौन करता है? भोपाल में 63 PUC वाहन रजिस्टर्ड परिवहन विभाग के मुताबिक भोपाल में 63 PUC वाहन रजिस्टर्ड हैं। इसमें पेट्रोल टैंक भी शामिल हैं, जो पीयूसी करते हैं, इन वाहनों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर वाहनों के प्रदूषण की जांच की जाती है और निर्धारित मानकों के आधार पर PUC प्रमाण-पत्र जारी किए जाते हैं। ऐसे में PUC वाहन का ही प्रदूषण फैलाते हुए सामने आना विभाग के लिए भी सवाल खड़े करता है। RTO बोले- वीडियो संज्ञान में आया, तत्काल कार्रवाई होगी भोपाल RTO जितेंद्र शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो अभी विभाग के संज्ञान में आया है। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *