भोपाल के कोलार में कान्हाकुंज फोरलेन का लोकार्पण:₹5 करोड़ से 2.2 किमी सड़क बनी; बीचोंबीच स्ट्रीट लाइटें जगमगा रहीं

भोपाल के कोलार में कान्हाकुंज फोरलेन का लोकार्पण:₹5 करोड़ से 2.2 किमी सड़क बनी; बीचोंबीच स्ट्रीट लाइटें जगमगा रहीं

राजधानी भोपाल के कोलार में 5 करोड़ रुपए से 2.2 किलोमीटर लंबे कान्हाकुंज फोरलेन का सोमवार को हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने लोकार्पण किया। फोरलेन से करीब 15 कॉलोनी, स्टेडियम, साप्ताहिक हाट बाजार में आना-जाना आसान हो जाएगा। सड़क के बीचोंबीच में स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं। इससे पूरी सड़क जगमगा उठी है। विधायक शर्मा ने जनप्रतिनिधि और महिलाओं के साथ कान्हाकुंज फोरलेन सीमेंट क्रांकीट सड़क का लोकार्पण किया। कोलार सिक्स लेन से कान्हाकुंज तक बनी यह सड़क क्षेत्र की करीब 5 लाख आबादी के लिए आवागमन का नया विकल्प बनेगी। खास बात यह है कि इस मार्ग के जरिए सिक्स लेन को नेताजी सुभाषचंद्र बोस रिंग रोड से जोड़ने की योजना है। इससे कोलार के लोगों को शहर के दूसरे हिस्सों और बाहरी मार्गों तक पहुंचने में आसानी होगी। कॉलोनियों से बाजार तक, हर दिन हजारों लोगों का रास्ता
कान्हाकुंज मार्ग लंबे समय से क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रहा है। बंजारी चौराहे से कान्हाकुंज की ओर जाने वाले इस मार्ग के आसपास मुखर्जी स्टेडियम, ई-लाइब्रेरी, श्री रामलीला मैदान, बंजारी, सब्जी मंडी और एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां हैं। इन स्थानों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में संकरी और व्यस्त सड़क के कारण यातायात का दबाव बढ़ता था। स्थानीय निवासियों की मांग पर इस मार्ग को फोरलेन सीसी सड़क के रूप में विकसित किया गया है। सड़क के साथ डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा। सिक्सलेन और रिंग रोड के बीच कनेक्टिविटी सुधरेगी
विधायक शर्मा ने बताया कि इस सड़क की अहमियत केवल कान्हाकुंज और आसपास की कॉलोनियों तक सीमित नहीं है। सिक्सलेन और रिंग रोड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने से कोलार के लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। खासकर नीलबड़, रातीबड़, सीहोर, देवास, उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अभी कई यात्रियों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। नए कनेक्शन से यह चक्कर कम हो सकता है और समय की बचत होगी। एक दशक में सड़क नेटवर्क का विस्तार
कोलार में बीते एक दशक के दौरान एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों का निर्माण किया गया है। सिक्स लेन और अन्य चौड़ी सड़कों के विकास से राजधानी के तेजी से विस्तार कर रहे इस हिस्से में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश जारी है। नई आवासीय कॉलोनियों, व्यावसायिक गतिविधियों और बढ़ते वाहनों के बीच सड़क नेटवर्क का विस्तार अब जरूरत बन गया है। कान्हाकुंज मार्ग इसी दिशा में एक और कदम है। आने वाले समय में सिक्सलेन और रिंग रोड के बीच बेहतर जुड़ाव से कोलार की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *