मथुरा में महिला बैंक कर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता सैयद राजन अहमद रिजवी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अलीगढ़ के थाना क्वारसी क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में राजन रिजवी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया था। महिला बैंक कर्मी को इश्किया मैसेज भेजकर प्रताड़ित करने का मामला मीडिया की सुर्खियां बना तो पुलिस हरकत में आई। जिसके बाद जांच कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गईं थीं। अलीगढ़ से किया गिरफ्तार रविवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने दबिश देकर आरोपी राजन रिजवी को ग्राम धर्रामाफी, थाना क्वारसी अलीगढ़ स्थित उसकी रिश्तेदारी के यहां से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से अंबेडकर नगर सौख रोड थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में सदर बाजार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला बैंक कर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आईटी माध्यमों का भी दुरुपयोग किया। इसी आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राजन रिजवी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से जमानत पर रिहा कर दिया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी ने बताया कि राजन रिजवी द्वारा महिला बैंक कर्मी को लगातार परेशान किया जा रहा था, उनका पीछा किया जा रहा था। उनका प्राइवेट नंबर किसी तरह लेकर आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे थे। ASP आशना चौधरी ने बताया कि आरोपी के द्वारा महिला बैंक कर्मी के घर की भी रेकी की गई थी। यह था मामला समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी पर आरोप था कि वह महिला बैंक कर्मी को प्रताड़ित कर रहे थे। राजन रिजवी को बैंक कर्मी को भेजा गया एक मैसेज भी वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने कहा था कि मेरे शब्दों से आपका दिल हर्ट हुआ है तो आप से माफी मांगता हूं,वैसे मैने आपसे ऐसी कोई बात नहीं कही जो मर्यादा के खिलाफ हो। में आपकी बहुत इज्जत करता हूं। आप एक एकस्ट्रा औरा वाली महिला हैं,खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी है एवं अपने काम में माहिर, यानि एक कंप्लीट वुमन हैं। मुझे आपकी पर्सनेलिटी पर यह जॉब अच्छी कहीं लगती,अगर भविष्य में राजनीति में आगे जाते हैं,और सपा की सरकार बनती है तो में आपको चीफ मिनिस्टर कोटे से डेपुटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करूंगा। उम्मीद करता हूं आप अपने दिल में मेरे प्रति पॉजिटिव वेव्स रखेंगी।

