भिवानी में स्वतंत्रता दिवस पर राज्यसभा सांसद बराला होंगे मुख्यातिथि:तोशाम में विधायक सर्राफ, लोहारू में सुनील सांगवान व सिवानी में कपूर वाल्मीकि करेंगे ध्वजारोहण

भिवानी में स्वतंत्रता दिवस पर राज्यसभा सांसद बराला होंगे मुख्यातिथि:तोशाम में विधायक सर्राफ, लोहारू में सुनील सांगवान व सिवानी में कपूर वाल्मीकि करेंगे ध्वजारोहण

भिवानी के भीम स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि होंगे तथा 15 अगस्त को सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम का भी गायन होगा। इसके अलावा लोहारू में चरखी दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान, तोशाम में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ व सिवानी में बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ध्वजारोहण करेंगे। शुक्रवार को भिवानी डीसी ने समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा संबंधित अन्य विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर आने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों, अतिथियों एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है। जिला स्तरीय समारोह को पूरी गरिमा के साथ आयोजित करने के लिए सभी विभाग अपने स्तर पर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा, पार्किंग, बिजली व्यवस्था, मंच एवं बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण रूप से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समारोह स्थल पर अंतिम तैयारियों की लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *