भारत में अवैध रूप से घुसीं बांग्लादेशी महिलाएं, केरल जा रही ट्रेन से दो गिरफ्तार

भारत में अवैध रूप से घुसीं बांग्लादेशी महिलाएं, केरल जा रही ट्रेन से दो गिरफ्तार

Bangladesh Women Arrested: पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर भारत में कथित तौर पर अवैध प्रवेश के आरोप में दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस मेघालय सीमा से प्रवेश, केरल जाने के उद्देश्य और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच कर रही है। 

Bangladeshi Women in India: पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं बेंगलुरु जा रही लंबी दूरी की ट्रेन के जनरल कोच में सवार थीं। पुलिस के मुताबिक, उनके पास भारत में प्रवेश और रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान राबिया अख्तर और शिउली अख्तर के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के नारायणगंज जिले की रहने वाली हैं।

गुप्त सूचना पर रेलवे पुलिस ने की कार्रवाई

रेलवे पुलिस के सूत्रों के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी जीआरपी की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और NJP जीआरपी ने संयुक्त रूप से ट्रेन के जनरल कोच में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के लिए उन्हें सिलीगुड़ी जीआरपी थाने ले जाया गया। वहां वे भारत में प्रवेश और ठहरने से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मेघालय सीमा से भारत में प्रवेश करने का संदेह

प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि दोनों महिलाएं कथित तौर पर भारत-बांग्लादेश सीमा पर मेघालय के रास्ते देश में दाखिल हुई थीं। इसके बाद वे असम गईं और वहां के कामाख्या स्टेशन से ट्रेन पकड़कर केरल जाने के लिए रवाना हुईं। हालांकि, पुलिस अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि दोनों महिलाओं ने भारत में किसकी मदद से प्रवेश किया और केरल जाने के पीछे उनका क्या उद्देश्य था। जांच अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं इस मामले के पीछे तस्करी गिरोह या कोई अन्य अंतरराष्ट्रीय संपर्क तो नहीं है।

अंतरराष्ट्रीय संपर्क की भी जांच

रेलवे पुलिस के उपाधीक्षक अनुपम मजूमदार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर NJP स्टेशन पर छापेमारी कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उनके पास भारत में प्रवेश या यहां रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला है।
अधिकारी के मुताबिक, दोनों से पूछताछ और मामले की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि भारत में प्रवेश करने और केरल जाने के उद्देश्य का पता लगाया जा सके।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और देश में प्रवेश कराने में किसने उनकी मदद की। मामले में आगे की जांच जारी है।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *