भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री:पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके, 12 मैचों का दौरा अक्टूबर से

भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री:पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके, 12 मैचों का दौरा अक्टूबर से

भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्री-सेल में रिकॉर्ड शुरुआती मांग है। भारत का यह दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा और 1 दिसंबर तक चलेगा। दोनों टीमों के बीच 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट खेले जाएंगे। मैचों की संख्या के लिहाज से यह न्यूजीलैंड में अब तक का सबसे बड़ा घरेलू मल्टी-फॉर्मेट दौरा है। भारतीय टीम 2019-20 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। ईडन पार्क के व्हाइट-बॉल मैचों की सबसे ज्यादा मांग न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों के टिकट सबसे तेजी से बिक रहे हैं। यहां सीरीज का चौथा टी-20 और पहला वनडे खेला जाएगा। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की भारी मांग है। करीब 9 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरुआती दो टी-20 मैच 22 और 24 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसी मैदान पर दौरे का दूसरा और आखिरी टेस्ट भी खेला जाएगा। यह मुकाबला 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा और इसके टिकटों की बिक्री भी तेजी से हो रही है। वेलिंगटन में भी टिकटों की मजबूत मांग वेलिंगटन में होने वाले मुकाबलों के लिए भी शुरुआती बिक्री मजबूत रही है। हेनरी स्टेडियम में सीरीज का तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा। वहीं, पहला टेस्ट सेलो बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से शुरू होगा। NZC बोला- भारत को खेलते देखना दुर्लभ मौका न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि फैंस ने टिकट जल्दी खरीदने की अपील पर अच्छी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से पता चलता है कि बड़ी संख्या में फैंस ने समय रहते अपनी सीट बुक कर ली है। क्रिचली ने कहा कि न्यूजीलैंड के फैंस के लिए भारत के खिलाफ क्रिकेट मैच का माहौल देखने और दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को लाइव देखने का यह खास मौका है। पिछले सीजन जितनी ही रखी टिकटों की कीमत NZC ने इस सीजन टिकटों की कीमत में बढ़ोतरी नहीं की है। बोर्ड के मुताबिक, क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड का इस्तेमाल करने पर टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में मिल रहा है। फैंस के लिए ‘द फोर’ और ‘द सिक्स’ ग्रुप टिकट पैकेज के साथ-साथ अलग-अलग वेन्यू के टिकट बंडल भी उपलब्ध हैं। इनका उद्देश्य ज्यादा दर्शकों को मैच देखने के लिए आकर्षित करना है। 7 सितंबर से आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री क्रिकेट नेशन की मेंबर सेल के बाद आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। हालांकि, जो फैंस क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करेंगे, उन्हें प्री-सेल में पहले टिकट खरीदने का मौका मिलेगा। उन्हें इस दौरान 15% की छूट भी मिलेगी। 12 मैचों का पूरा दौरा, 6 साल बाद टेस्ट सीरीज भारत और न्यूजीलैंड तीनों फॉर्मेट के कुल 12 मुकाबले खेलेंगे। यह न्यूजीलैंड की मेजबानी में मैचों की संख्या के लिहाज से सबसे बड़ा भारत दौरा है। भारतीय टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। पिछली बार 2019/20 में भारत ने वहां टेस्ट सीरीज खेली थी। इस बार दोनों टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व और क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होंगे। इस दौरे की वनडे सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *