बिजनौर में पर्यावरण संरक्षण और जीवदया का संदेश फैलाने के लिए मंडावर रोड पर गुरु जाम्बेश्वर महाराज की याद में एक भव्य स्मृति द्वार बनाया गया है। इसका उद्घाटन भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने मोहम्मदपुर देवमल में माता अमृता देवी बिश्नोई के नाम पर आधुनिक खेल मैदान और एक लाइब्रेरी बनाने की घोषणा भी की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने कहा कि गुरु जाम्बेश्वर महाराज ने मानव सेवा, जीवदया और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का आधार बनाया था। उनके विचार आज भी समाज को प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंडावर रोड पर बना यह स्मृति द्वार सिर्फ एक इमारत नहीं है। यह गुरु जाम्बेश्वर जी महाराज के विचारों और पर्यावरण संरक्षण की महान परंपरा का संदेश देता है। बिश्नोई समाज ने एक लाइब्रेरी बनाने की मांग की चौधरी ने बताया कि प्रकृति की रक्षा करना और युवाओं को मौके देना, दोनों ही समाज के अच्छे भविष्य के लिए जरूरी हैं। इसी मकसद से मोहम्मदपुर देवमल में ग्राम समाज की जमीन पर पर्यावरणविद् माता अमृता देवी बिश्नोई के नाम से एक आधुनिक खेल मैदान बनाया जाएगा। इस मैदान में क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी के लिए पिच, कोर्ट और नेट जैसी जरूरी खेल सुविधाएं होंगी। इससे इलाके के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मौका मिलेगा। मौसम चौधरी ने कहा कि माता अमृता देवी बिश्नोई का पर्यावरण संरक्षण के लिए योगदान, उनका साहस और जीवदया एक ऐसी मिसाल है, जिसने पर्यावरण संरक्षण की सोच को नई दिशा दी। उनके काम ने चिपको आंदोलन जैसे आधुनिक आंदोलनों को भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में बिश्नोई समाज ने एक लाइब्रेरी बनाने की मांग भी रखी। इस पर ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि अगर समाज की तरफ से सही जमीन मिलती है, तो आधुनिक सुविधाओं वाली एक स्मार्ट लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यह लाइब्रेरी छात्रों और युवाओं के लिए पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ज्ञान बढ़ाने का एक अच्छा केंद्र बनेगी। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट पंकज बिश्नोई द्वारा किया गया इस दौरान आचार्य कृष्णानंद महाराज, राजू महाराज, पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन बिजनौर यशपाल सिंह, राजवीर बिश्नोई, संजय सिंह बिश्नोई सहित अनेक गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

