भरतपुर शहर में चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से आमजन को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने BDA, नगर निगम, PWD और फ्लाईओवर प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और कमियों में सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें। तीन फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया भरतपुर शहर में इन दिनों तीन फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्यों के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इसी को लेकर कलेक्टर कमर चौधरी अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण पर निकले। उन्होंने बिजलीघर चौराहे से आरबीएम अस्पताल तक और काली बगीची से बिजलीघर चौराहे तक चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके अलावा कुम्हेर गेट से हीरादास तक चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों के दौरान आ रही परेशानियों और कमियों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। 15 दिन में काम में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर कमर चौधरी ने कहा कि शहर में कई जगह विकास कार्य चल रहे हैं और इनकी समय-समय पर समीक्षा की जाती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में आ रही कमियों को दूर कर गति बढ़ाई जाए। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों में विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा और एक महीने में काम और तेजी से आगे बढ़ेगा। जसवंत प्रदर्शनी से पहले सड़कें होंगी साफ कलेक्टर ने बताया कि जसवंत प्रदर्शनी को देखते हुए एक तरफ की सड़क साफ कर दी गई है। दूसरी तरफ की सड़क भी खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शनी शुरू होने से पहले दोनों तरफ की सड़कें साफ कर दी जाएंगी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

